अहमदाबाद, 26 मई (भाषा) उमरेठ से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक हर्षद परमार ने मंगलवार को गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी के समक्ष सदन की सदस्यता की शपथ ली।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, गांधीनगर स्थित विधानसभा परिसर में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, कई मंत्री और अनेक विधायक उपस्थित थे।
परमार ने 23 अप्रैल को आणंद जिले की उमरेठ सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान को 30,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में भाजपा नेता को 85,500 मत मिले जबकि चौहान को 54,757 मत प्राप्त हुए।
हर्षद परमार के राजनीतिक जीवन का यह पहला बड़ा चुनाव था। यह उपचुनाव उनके पिता और भाजपा के मौजूदा विधायक गोविंद परमार के निधन के कारण आवश्यक हो गया था जिनका छह मार्च को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
भाषा
सुमित नरेश
नरेश