भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मालवीय नगर में आग लगने से लोगों की मौत होने पर शोक जताया

Ads

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मालवीय नगर में आग लगने से लोगों की मौत होने पर शोक जताया

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 10:12 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 10:12 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में हुए भीषण आग हादसे में लोगों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

दक्षिण दिल्ली के हौज रानी इलाके में स्थित ‘फ्लरिश स्टे बीएंडबी’ नामक होटल में बुधवार सुबह आग लग गई।

अधिकारियों के अनुसार, होटल के पास अग्नि अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं था।

आग सुबह करीब 8:30 बजे लगी और तेजी से पांच मंजिला इमारत में फैल गई।

नवीन ने ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

अधिकारियों ने बताया कि होटल से कम से कम 58 लोगों को सुरक्षित निकाला गया और अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

उन्होंने कहा कि 21 लोगों को मृत घोषित किया गया, जिनमें 10 भारतीय, नौ अफ्रीकी देशों के नागरिक और दो तुर्कमेनिस्तान के नागरिक शामिल हैं।

भाषा जोहेब माधव

माधव