दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर भाजपा का आप विधायकों के कार्यालयों और आवासों के बाहर प्रदर्शन

दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर भाजपा का आप विधायकों के कार्यालयों और आवासों के बाहर प्रदर्शन

दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर भाजपा का आप विधायकों के कार्यालयों और आवासों के बाहर प्रदर्शन
Modified Date: August 10, 2026 / 01:34 pm IST
Published Date: August 10, 2026 1:34 pm IST

( तस्वीरों सहित )

नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना का विरोध करने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) विधायकों के कार्यालयों और आवासों के बाहर प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन आप द्वारा दिल्ली लक्ष्मी योजना का विरोध किए जाने के बाद किया गया। इससे एक दिन पहले विपक्षी दल आप ने दिल्ली विधानसभा सत्र का बहिष्कार किया था। इस सत्र में मंत्री आशीष सूद ने योजना शुरू करने के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया था। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

दिल्ली भाजपा महासचिव योगिता सिंह, दक्षिण दिल्ली के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और पार्टी के अन्य नेताओं ने कालकाजी में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया।

सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि खुद एक महिला होने के बावजूद आतिशी ने अपनी पार्टी को दिल्ली लक्ष्मी योजना के विरोध में प्रदर्शन करने की अनुमति दी।

भाजपा की मयूर विहार जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा और प्रदेश उपाध्यक्ष ऋचा पांडे के नेतृत्व में कोंडली से आप विधायक कुलदीप कुमार के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

भाजपा ने सीमापुरी, बाबरपुर, करोल बाग और अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी आप विधायकों के कार्यालयों और आवासों के बाहर इसी तरह के प्रदर्शन किए।

दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत एक अगस्त को की गई थी। योजना की पहली किस्त 28 अगस्त को रक्षाबंधन त्योहार के आसपास जारी किए जाने की संभावना है।

आप नेताओं ने योजना की आवेदन प्रक्रिया और पात्रता मानदंडों पर सवाल उठाए हैं। इनमें दिल्ली का 10 साल से निवासी होना और स्थानीय सांसद या विधायक की सिफारिश जैसी शर्तें शामिल हैं।

आप विधानसभा के जारी मानसून सत्र में भी इस योजना के विरोध में प्रदर्शन कर रही है।

भाषा मनीषा माधव

माधव


लेखक के बारे में