विपक्षी दलों के महागठबंधन से भाजपा, आरएसएस घबरा गए हैं : गहलोत

Ads

विपक्षी दलों के महागठबंधन से भाजपा, आरएसएस घबरा गए हैं : गहलोत

  •  
  • Publish Date - September 6, 2023 / 05:40 PM IST,
    Updated On - September 6, 2023 / 05:40 PM IST

भीलवाड़ा (राजस्थान), छह सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दलों का महागठबंधन बनने से केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) घबरा गया है।

इसके साथ ही गहलोत ने यह भी कहा कि राजस्थान में भाजपा द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन यात्राएं ‘फ्लॉप’ हो रही हैं।

वह भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि विपक्षी दलों के महागठबंधन ‘इंडिया’ के बनने में बहुत बड़ी भूमिका कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रही है। खरगे मंच पर मौजूद थे।

गहलोत ने कहा ‘‘‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलांयस’ (इंडिया) नाम का गठबंधन बनने से ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हों, राजग सरकार हो, आरएसएस हो, भाजपा हो …सब घबरा गए हैं।’’

उन्होंने कहा ‘‘किस प्रकार की प्रतिक्रिया दे रहे है प्रधानमंत्री जी.. किस प्रकार से कोस रहे है विपक्षी पार्टियों को .. विपक्षी पार्टियों पर आरोप लगाते हैं..।”

गहलोत ने कहा, “आप सोच सकते हैं कि अगर विपक्ष का गठबंधन बना है तो तकलीफ उनको क्यों हो रही है?’’

उन्होंने कहा कि 1998 में सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद “15-17 राज्यों में कांग्रेस की सरकार बन गई थी..।”

गहलोत ने कहा कि अब खरगे के पार्टी के अध्यक्ष बनने के बाद राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनने की शुरुआत हो चुकी है।

उन्होंने कहा, “ इनके (खरगे के पार्टी) अध्यक्ष बनने के बाद हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में हम जीते हैं। अब बारी है आपकी कि हम (राजस्थान) जीतें…।”

उन्होंने कहा कि भाजपा का 2024 के लोकसभा चुनाव में भी मुकाबला करना है।

उन्होंने कहा, “आज जो हालात देश में हैं…देश किस दिशा में जाएगा, कोई नहीं जानता है।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद का सत्र बुलाया गया है लेकिन इसका एजेंडा ‘गुप्त’ रखा गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि लोकतंत्र में संसद सत्र के एजेंडे के बारे में जानकारी क्या देश की जनता और विपक्ष को नहीं दी जाएगी?

उन्होंने आरोप लगाया, “लोकतंत्र खतरे में है.. संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं.. आयकर विभाग, ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग हो रहा है.. न्यायपालिका पर दबाव है.. यह हालात देश के बन चुके है।”

राज्‍य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं और गहलोत ने विश्‍वास जताया कि राज्‍य में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनेगी।

राज्‍य सरकार की विभिन्‍न कल्‍याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्‍होंने कहा, ‘‘तमाम तरीके से सुशासन दिया गया है इसलिए हर आदमी की जबान पर है कि राजस्थान में सरकार ‘रिपीट’ हो सकती है…।”

गहलोत ने भाजपा द्वारा राज्‍य में निकाली जा रही चार परिवर्तन यात्राओं को ‘फ्लॉप’ बताया। उन्‍होंने कहा कि भाजपा की चार यात्राएं निकल रही हैं जिनमें विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा, “ ये तमाम यात्राएं ‘फ्लॉप’ हो रही हैं। यह आप सब देख रहे हैं और सुन रहे हैं। मुझे कुछ कहने की आवश्यकता नहीं।”

भाषा कुंज पृथ्‍वी नोमान मनीषा

मनीषा