भाजपा पंजाब के आप विधायकों, राघव चड्ढा के बीच संपर्क की अफवाह फैला रही: संजय सिंह

Ads

भाजपा पंजाब के आप विधायकों, राघव चड्ढा के बीच संपर्क की अफवाह फैला रही: संजय सिंह

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 07:12 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने रविवार को उन दावों को खारिज कर दिया कि पंजाब में पार्टी के विधायक राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा के संपर्क में हैं, जो हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्होंने इन घटनाक्रम को ‘भ्रामक जानकारी और अफवाहें’ बताया।

सिंह ने भाजपा और राघव चड्ढा पर जानबूझकर ये अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चड्ढा और भाजपा में शामिल होने वाले अन्य राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ ‘‘विश्वासघात’’ को लेकर पूरे पंजाब में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, ‘‘जन भावना उनके खिलाफ है, क्योंकि उन्होंने आम आदमी पार्टी और पंजाब के साथ विश्वासघात किया है।’’

आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल ने पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिक मूल्यों से भटक गई है।

चड्ढा ने राज्यसभा में पार्टी के 10 सांसदों का संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘संविधान के अनुसार, किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसद दूसरी पार्टी में सम्मिलित हो सकते हैं।’’

दिल्ली से राज्यसभा सदस्य मालीवाल को छोड़कर बाकी सभी पंजाब से हैं।

संजय सिंह ने कहा कि राघव चड्ढा और अन्य नेताओं के भाजपा में जाने के बाद उनकी राज्यसभा सदस्यता जाने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी विधायक उनके साथ जुड़कर अपनी सदस्यता जोखिम में नहीं डालना चाहेगा।

सिंह ने कहा, ‘‘क्या कोई उनके साथ जुड़ना चाहेगा और अपनी सदस्यता रद्द होने का खतरा मोल लेगा? राजनीति में हर कोई यह समझता है।’’

उन्होंने दोहराया कि पंजाब के विधायकों के राघव चड्ढा के संपर्क में होने के दावे केवल भ्रामक जानकारी और अफवाह फैलाने का प्रयास हैं।

सिंह ने कहा कि उन्होंने राज्यसभा के सभापति को एक याचिका सौंपी है। इसमें आप के उन सात राज्यसभा सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई है, जो पाला बदलकर भाजपा में शामिल हुए हैं।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश