भाजपा जयपुर में 20 अगस्त को विशाल प्रदर्शन करेगी: पूनियां

Ads

भाजपा जयपुर में 20 अगस्त को विशाल प्रदर्शन करेगी: पूनियां

  •  
  • Publish Date - August 18, 2022 / 09:28 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:46 PM IST

जयपुर, 18 अगस्त (भाषा) भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि राजस्थान का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस सरकार को साढ़े तीन सालों में कोई पूर्णकालिक गृहमंत्री मिला ही नहीं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बिगड़ी कानून व्यवस्था, साधु-संतों पर अत्याचार, भीड़ हिंसा सहित अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा जयपुर में शनिवार (20 अगस्त) को विशाल प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यदि प्रदर्शन करते तो भी शिकायत नहीं होती, लेकिन हालात से ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री को राजस्थान की जनता की जनसुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है।

पूनियां ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को राजस्थान की जनता की जनसुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है, मुख्यमंत्री को कोई सरोकार है तो अपनी कुर्सी से है, कुर्सी की सुरक्षा उनके लिए जनसुरक्षा से बड़ी है। राजस्थान का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस सरकार को साढ़े तीन सालों में कोई पूर्णकालिक गृहमंत्री मिला ही नहीं।’’

उन्होंने कहा कि ‘‘कोई सरकार जब तुष्टीकरण पर आती है, तो प्रदेश की जनता के साथ न्याय नहीं कर सकती, ऐसा लगता है कि कांग्रेस सरकार ने यह तय कर लिया है कि बहुसंख्यक हिंदुओं को इसी तरीके से प्रताड़ित करना है।’’

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिससे लोगों में अविश्वास पैदा हुआ है। कांग्रेस सरकार के शासन में सबसे अधिक उत्पीड़ित लोग अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीयत में खोट है, तुष्टीकरण की राजनीति के कारण करौली, जोधपुर और भीलवाड़ा की घटनाएं हुईं।

भाजपा नेता के कहा कि उदयपुर की घटना के बाद उदयपुर का पर्यटन व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों के रोजगार पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा है।

भाषा कुंज

संतोष

संतोष