भाजपा पश्चिम बंगाल चुनाव जीतने के लिए कर रही है निर्वाचन आयोग का बतौर हथियार इस्तेमाल: केजरीवाल
भाजपा पश्चिम बंगाल चुनाव जीतने के लिए कर रही है निर्वाचन आयोग का बतौर हथियार इस्तेमाल: केजरीवाल
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए कहा कि वह लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रही हैं।
केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल की स्थिति दिल्ली में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के जैसी है।
पिछले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भाजपा से हार गयी थी। केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन समेत आप के कई बड़े नेता चुनाव में हार गये थे।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा ने धोखे से चुनाव जीतने के लिए निर्वाचन आयोग को अपना हथियार बना लिया है। पश्चिम बंगाल में आज जो हो रहा है, वही दिल्ली के चुनाव में भी हुआ था।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव के दौरान मतदाता सूची से नाम हटा दिए गए, पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘गुंडागर्दी’ को खुली छूट दी और पूरा प्रशासन भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में लगा हुआ था।
आप नेता ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद ही चकनाचूर हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘आज ममता दीदी भी लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। इस संघर्ष में हम उनके साथ खड़े हैं।’’
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में ‘50 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों को मनमाने ढंग से हटाए जाने’ पर बृहस्पतिवार को चिंता व्यक्त करते हुए इसे ‘शीर्षतम स्तर का राजनीतिक हस्तक्षेप’ बताया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित करने के बाद निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा के तबादले तथा डीजीपी पीयूष पांडे और कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को हटाने समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों के आदेश दिए।
पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे।
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


