छत्रपति संभाजीनगर, 16 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के सिल्लोड स्थित एक मंदिर में दर्शन के लिए शिवसेना के मुस्लिम विधायक एवं पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार के प्रवेश करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने गोमूत्र से मंदिर का ‘शुद्धिकरण’ किया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को विधानसभा क्षेत्र सिल्लोड के रहीमाबाद स्थित शिव मंदिर में मुस्लिम विधायक के जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसपर भाजपा और अन्य संगठनों ने विरोध जताया है।
मंदिर के ‘शुद्धिकरण’ की बात भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
भाजपा की सिल्लोड इकाई के प्रमुख मनोज मोरेलू ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया, ‘‘सत्तार गोमांस खाते हैं और (अपनी यात्रा से) उन्होंने मंदिर की पवित्रता को भंग किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हमने इसे शुद्ध करने के लिए गोमूत्र छिड़का।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि वह मुसलमानों और हिंदुओं, दोनों को बेवकूफ बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह (सत्तार) हाल में हज पर गए थे और अब मंदिर जा रहे हैं।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश