नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रकाश चिक बाराइक ने उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक अत्याधुनिक स्टेडियम बनाने की मांग की है।
राज्यसभा में शुक्रवार को शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए बाराइक कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बाराइक ने कहा कि अलीपुरद्वार और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा खेलों में रुचि रखते हैं और उनमें आगे बढ़ने की क्षमता है। लेकिन उच्च गुणवत्ता वाली खेल सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित कोचों की कमी के कारण उन्हें प्रशिक्षण के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि बाहर जाकर प्रशिक्षण लेना कई युवाओं और उनके परिवारों के लिए आर्थिक रूप से कठिन साबित होता है और इसके कारण कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से पीछे रह जाते हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के तहत देश के युवा खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ‘‘ऐसे में छोटे शहरों और जिलों में भी विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।’’
उन्होंने सरकार से अलीपुरद्वार में अत्याधुनिक स्टेडियम के निर्माण को मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधा बनने से जिले के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भाग लेने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर मिलेंगे।
भाषा मनीषा माधव
माधव