नयी दिल्ली/चंडीगढ़, 27 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने के बाद कहा कि उन्होंने राज्य के विकास एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
ढिल्लों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 35 मिनट की आमने-सामने की बैठक में उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने राज्य में कानून-व्यवस्था, मादक पदार्थ की समस्या और आपराधिक गिरोह जैसे सभी मुद्दों पर चर्चा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने मुझसे कहा कि उन्हें जब भी बुलाया जाएगा, वह पंजाब जाएंगे।’’
ढिल्लों ने जून में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभाला था।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का मौका मिला।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने लिखा, ‘‘इस मौके पर हमने पंजाब के समग्र विकास, राज्य के लोगों के कल्याण, पंजाब की रीढ़ समझे जाने वाले किसानों और मजदूरों की भलाई, उद्योगों के विस्तार, पंजाब को फिर से एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए नया निवेश आकर्षित करने, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने और राज्य के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने पर विस्तार से सार्थक चर्चा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व और पंजाब के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता वाकई प्रेरणादायक है तथा इससे राज्य की तरक्की को एक नई दिशा मिलेगी।’’
ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब के विकास और वहां के लोगों की सेवा के लिए पूरी लगन एवं ईमानदारी से काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मोदी ने 17 जुलाई को जालंधर दौरे के दौरान 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया था, जिनमें 75 नए सिरे से विकसित किए गए रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने तब कानून व्यवस्था, कर्ज एवं भ्रष्टाचार को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा था।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल