गंगटोक, 25 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी श्रीजना छेत्री को शनिवार को गंगटोक नगर निगम (जीएमसी) के डीजल पावर हाउस (डीपीएच) वार्ड से निर्वाचित घोषित किया गया। सिक्किम के राज्य निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
छेत्री ने बिंध्या सिंटूरी को 585 मतों से हराया। छेत्री को 899 मत मिले, जबकि सिंटूरी को 384 वोट प्राप्त हुए।
जीएमसी की डीजल पावर हाउस (डीपीएच) सीट के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ और चुनाव मैदान में केवल दो उम्मीदवार थे।
जीएमसी के अन्य 20 वार्डों में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने 18 और भाजपा ने दो सीट निर्विरोध जीतीं, क्योंकि विपक्षी दलों ने चुनाव का बहिष्कार किया था।
गंगटोक जिला संग्रह-नगर निकाय निर्वाचन अधिकारी, तुषार निखारे ने बताया कि जीएमसी और सिंगतम नगर पंचायत के लिए शपथ ग्रहण समारोह दो मई को आयोजित किया जाएगा।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप