भुवनेश्वर में ऐप आधारित कैब चालकों की हड़ताल के दौरान पुलिस पर पथराव, बसों में तोड़फोड़

Ads

भुवनेश्वर में ऐप आधारित कैब चालकों की हड़ताल के दौरान पुलिस पर पथराव, बसों में तोड़फोड़

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 03:29 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 03:29 PM IST

भुवनेश्वर, 19 अगस्त (भाषा) भुवनेश्वर में ऐप-आधारित कैब और मोटर साइकिल चालकों की जारी हड़ताल बुधवार को उस समय हिंसक हो गई, जब प्रदर्शनकारियों ने पीएमजी स्क्वायर पर पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और सरकारी बसों में तोड़-फोड़ की। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विभिन्न ऑनलाइन मंचों पर पंजीकृत कैब चालकों ने 17 अगस्त को काम बंद करके विरोध-प्रदर्शन शुरू किया था। कैब चालक किराया बढ़ाने, ‘एप्लिकेशन फीस’ कम करने, सामाजिक सुरक्षा और अन्य लाभ जैसी सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

सैकड़ों टैक्सी और बाइक लेकर प्रदर्शनकारियों ने राज महल स्क्वायर से एक रैली निकाली और महात्मा गांधी मार्ग पर अपने वाहन खड़े कर दिए, जिससे सड़क अवरुद्ध हो गई और आसपास के इलाके में यातायात जाम हो गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को सड़क खाली करने के लिए मनाने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारी कथित तौर पर हिंसक हो गए और मौके पर तैनात पुलिस बल पर पथराव किया।

उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कई सरकारी बसों में भी तोड़-फोड़ की गई।

अधिकारी ने बताया कि इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और गाड़ियां जब्त कर ली गईं।

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को 17 अगस्त को एक दिन के लिए महात्मा गांधी मार्ग पर प्रदर्शन करने की इजाजत दी थी, लेकिन उन्होंने दो और दिनों तक अपना आंदोलन जारी रखा।

मीणा ने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारियों ने शहर की मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे लोगों को परेशानी हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से गैर-कानूनी विरोध प्रदर्शन है। हमने 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

बड़ी संख्या में कैब और ऑटो-रिक्शा के सड़कों से नदारद रहने के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश