आंध्र प्रदेश में बैडमिंटन सेमीफाइनल हारने के बाद कारोबारी ने रिवॉल्वर से तीन गोली चलाई, गिरफ्तार

Ads

आंध्र प्रदेश में बैडमिंटन सेमीफाइनल हारने के बाद कारोबारी ने रिवॉल्वर से तीन गोली चलाई, गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 11:40 AM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 11:40 AM IST

कुरनूल (आंध्र प्रदेश), 27 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के कुरनूल में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से तीन गोलियां चलाने के आरोप में पुलिस ने एक रियल एस्टेट कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कारोबारी की बैडमिंटन टीम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हार गई थी जिसके बाद उन्होंने यहां एक बैडमिंटन अकादमी के बाहर अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से जमीन की ओर तीन गोलियां चलाईं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार शाम बैडमिंटन अकादमी के बाहर हुई जहां पिछले चार हफ्तों से कुरनूल बैडमिंटन प्रीमियर लीग (केबीपीएल) का आयोजन हो रहा है। हालांकि, गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ।

कुरनूल के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राघवेंद्र ने रविवार देर रात पत्रकारों को बताया, ‘‘कौशिक के पास .32 रिवॉल्वर का वैध लाइसेंस है। उन्होंने सुबह सेमीफाइनल में अपनी टीम की हार से निराश होकर जमीन की ओर तीन गोलियां चलाईं। अच्छी बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।’’

डीएसपी ने बताया कि कौशिक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और हथियार जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रांत पटेल के माध्यम से जिलाधिकारी ए. सिरी को कारोबारी के शस्त्र लाइसेंस को रद्द करने की सिफारिश भेजने की प्रक्रिया भी पुलिस ने शुरू कर दी है।

राघवेंद्र के अनुसार, यह लाइसेंस कई साल पहले आत्म-रक्षा के लिए जारी किया गया था और यह अब भी वैध था। कौशिक रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े हैं।

डीएसपी ने बताया कि गोलीबारी से पहले कोई बहस या हाथापाई नहीं हुई थी और अब तक मिली जानकारी के आधार पर ऐसा लगता है कि यह घटना सिर्फ सेमीफाइनल में मिली हार की निराशा के कारण हुई।

उन्होंने कहा कि जांच के तहत पुलिस घटना के सभी पहलुओं का सत्यापन करेगी।

राघवेंद्र ने बताया कि कौशिक टीम के कप्तान नहीं थे, बल्कि टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही अनन्या फ्रैंचाइजी के सदस्य थे।

पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा