कोलकाता, 13 जुलाई (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस द्वारा दाखिल याचिका पर 15 जुलाई को सुनवाई करेगा। याचिका में पार्टी ने अनुरोध किया है कि अदालत पुलिस को एस्प्लेनेड में विक्टोरिया हाउस के सामने 21 जुलाई को प्रस्तावित ‘शहीद दिवस’ रैली की अनुमति देने का निर्देश दे।
ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस ने 10 जुलाई को याचिका दाखिल की थी और वकीलों के एक समूह ने सोमवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत में इसका जिक्र करते हुए यथाशीघ्र सुनवाई का अनुरोध किया।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि मामले की सुनवाई 15 जुलाई को होगी।
यह याचिका उस आदेश को चुनौती देती है जिसके तहत कोलकाता पुलिस ने इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।
ममता नीत गुट ने दावा किया कि हर साल पार्टी एस्प्लेनेड में विक्टोरिया हाउस के सामने शहीद दिवस रैली आयोजित करती है, लेकिन इस साल इसकी अनुमति के लिए दी गई अर्जी पर पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल के बागी गुट ने 21 जुलाई को शहीद दिवस रैली आयोजित करने की घोषणा की है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चार मई को नतीजे आने के बाद विधायकों के एक गुट ने ममता बनर्जी नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी और अलग गुट बना लिया था।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश