पुत्तुर (कर्नाटक), नौ जुलाई (भाषा) दक्षिण कन्नड़ के पुत्तुर कस्बे में पुरुषराकट्टे में बुधवार को घटित एक घटना के संबंध में कथित तौर पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर हिंदू-मुस्लिम संघर्ष के तौर पर पेश करने के लिए सात वेब न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दक्षिण कन्नड़ जिला पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार को यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पुत्तुर नगर पुलिस ने पुत्तुरु चावडी इंस्टाग्राम पेज, होसाडिगंटा, जूमिनटीवी डॉट ऑनलाइन, न्यूजफोकसकन्नड़ डॉट कॉम, उदयवाणी, प्रखरन्यूज डॉट कॉम और कर्नाटक पोर्टफोलियो ट्विटर पेज के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, इन न्यूज पोर्टल पर झूठा और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता था। पीड़ित व्यक्तियों की शिकायतों पर यह मामला दर्ज किया गया।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला पुलिस सांप्रदायिक तौर पर भड़काऊ संदेश फैलाने में लिप्त व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इन मामलों की जांच की जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक