वसूली और आपराधिक धमकी के आरोप में ईडी के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

वसूली और आपराधिक धमकी के आरोप में ईडी के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 10:29 PM IST

मुंबई/नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) पुलिस ने धनशोधन जांच का डर दिखाकर मुंबई के एक कारोबारी को कथित रूप से धमकाने और उससे 2.25 करोड़ रुपये की वसूली करने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

दोनों अधिकारी राजस्थान के जयपुर स्थित संघीय जांच एजेंसी के कार्यालय में तैनात हैं। प्राथमिकी में उनकी पहचान सहायक निदेशक मोहित गर्ग (36) और प्रवर्तन अधिकारी देवेंद्र कुमार गुप्ता (35) के रूप में हुई है।

दोनों अधिकारियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 208(2) (वसूली), धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) और धारा 61 (आपराधिक साजिश) के तहत आरोप लगाए गए हैं। यह मामला 31 अगस्त को मुंबई के बांगर नगर थाने में दर्ज किया गया था।

प्राथमिकी के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी के प्रवर्तक कारोबारी ने दोनों अधिकारियों द्वारा कथित रूप से डराए-धमकाए जाने और वसूली की गतिविधियों के बारे में ईडी को जानकारी दी थी, जिसके बाद ईडी के मुंबई कार्यालय ने पुलिस को शिकायत भेजी।

अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने भी इस मामले में पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल