सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में ईडी के सहायक निदेशक के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में ईडी के सहायक निदेशक के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की
नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में संलिप्तता के आरोपों के तहत शिमला में तैनात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सहायक निदेशक के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी के पिछले सप्ताह के एक अभियान के दौरान (ईडी) का सहायक निदेश फरार हो गया था।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने ईडी के सहायक निदेशक के खिलाफ अब दो प्राथमिकियां दर्ज की हैं, जिसमें पहली प्राथमिकी हिमाचल प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों के प्रमोटर से 85 लाख रुपये लेने और दूसरी 80 लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगने से संबंधित है।
इस मामले के शिकायतकर्ता प्रमोटर्स ने शिमला में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान आरोप लगाया कि सहायक निदेशक उन्हें कार्यालय में बुलाते थे, उन्हें प्रताड़ित करते थे और उनसे रिश्वत मांगते थे।
प्रमोटर्स ने आरोप लगाया, ‘‘अधिकारी और उसके स्टाफ के दो सदस्यों ने हमें ईडी के शिमला कार्यालय में कई घंटे बैठाए रखा था और इस दौरान हमसे पैसे मांगे थे।’’
उन्होंने बताया कि इस मामले में सीबीआई तीन संदिग्धों के खिलाफ जांच कर रही है, जिसमें आरोपी का भाई और एक बिचौलिया पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, जबकि सहायक निदेशक फरार बताया जा रहा है और वह अब तक जांच में शामिल नहीं हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि शिमला में तैनात ईडी के सहायक निदेशक और उनके भाई विकास दीप एक व्यवसायी से कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेने चंडीगढ़ गए थे। व्यवसायी पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज है।
विकास दीप दिल्ली में पंजाब नेशनल बैंक में वरिष्ठ प्रबंधक हैं।
अधिकारियों ने बताया कि व्यवसायी ने कथित जबरन वसूली के बारे में सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एजेंसी की चंडीगढ़ इकाई ने एक योजना बनाई, जिसमें शिकायतकर्ता को अधिकारी को 55 लाख रुपये नकद रिश्वत देने के लिए कहा गया और सीबीआई के अधिकारी इस पर नजर रखे हुए थे।
उन्होंने बताया कि यह योजना बनाई गई थी कि कथित तौर पर रिश्वत प्राप्त करने के बाद सीबीआई आरोपी को पकड़ लेगी।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईटीसी) से प्रतिनियुक्ति पर आए ईडी अधिकारी को कार्रवाई के दौरान सूचना मिल गई और वह नकदी लेकर मौके से फरार हो गया।
भाषा
प्रीति सुरेश
सुरेश

Facebook


