तिरुवनंतपुरम, 29 सितंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केरल के मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर से राहुल गांधी के खिलाफ की गई उनकी टिप्पणियों के लिए जनता से माफी की मांग की।
राज्य के गृह मंत्री चेन्निथला ने राहुल गांधी को भारतीय लोकतंत्र का रक्षक बताते हुए कहा कि चंद्रशेखर द्वारा उन्हें ‘फर्जी नेता’ कहना जनता का अपमान है।
चेन्निथला ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा निर्वाचन आयोग तक को प्रभावित करके भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘भारतीय निर्वाचन आयोग कभी पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल के रूप में काम करता था। अब इसे भाजपा के स्थानीय कार्यालय जैसा बना दिया गया है।’
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (ज्ञानेश कुमार) ‘प्रधानमंत्री कार्यालय में किसी चपरासी की तरह काम कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इन सभी मुद्दों को उठाकर मोदी सरकार के खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन चला रहे हैं और हाल के घटनाक्रम दिखाते हैं कि लोकतंत्र की रक्षा के इस ‘संघर्ष’ में देश भर की जनता उनके साथ खड़ी है।
चेन्निथला ने कहा कि चंद्रशेखर और भाजपा जनता के गुस्से को भांपने में नाकाम रहे हैं तथा मोदी सरकार लोगों से अलग-थलग पड़ती जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘इसे समझे बिना राहुल गांधी का अपमान करने वाले राजीव चंद्रशेखर और भाजपा आसमान में थूक रहे हैं।’
यह विवाद शनिवार को तब शुरू हुआ जब चंद्रशेखर ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि मतदाताओं ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की राजनीति, विकास की धीमी रफ्तार और रोजगार के अभाव के कारण कांग्रेस को खारिज कर दिया है।
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लोकतंत्र की रक्षा का उपाय बताकर इसका बचाव किया था।
भाषा सुमित नरेश
नरेश