नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी (डीएम) से मालवीय नगर अग्निकांड की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और चेतावनी दी कि अगर कोई लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मालवीय नगर के हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ होटल में आग लगने से 21 लोगों को मौत हो गई जिनमें 11 विदेश नागरिक हैं।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों के अनुसार, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (दक्षिण) के आपातकालीन संचालन केंद्र (ईओसी) को मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित होटल में आग लगने की सूचना सुबह 8.52 बजे मिली।
मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को तुरंत सूचित किया गया। घटनास्थल पर पहुंचने वाले पहले दल ने देखा कि होटल भीषण आग की चपेट में है।
अधिकारियों ने बताया कि दो चिकित्सा दल सुबह 9:54 बजे घटनास्थल पर भेजे गए और वे सुबह 10:05 बजे वहां पहुंचे। प्रत्येक दल में दो डॉक्टर और छह पैरामेडिकल कर्मी शामिल थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग होटल के भूतल पर स्थित एक रेस्तरां से शुरू हुई।
आग पर काबू पा लिया गया और दोपहर 12 बजे तक खोज एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया। प्रशासन फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि क्या इमारत के पास दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) से वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) था, और क्या इसे रेस्तरां चलाने के लिए आवश्यक अनुमति थी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), डीएफएस और बिजली एवं जल विभागों सहित सभी संबंधित एजेंसियों को दक्षिण दिल्ली के डीएम की देखरेख में क्षेत्र में निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव