नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को गायों के कल्याण के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई और 10 आधुनिक गौशालाएं बनाने का ऐलान किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अपने आधिकारिक आवास, ‘जन सेवा सदन’ में आयोजित एक कार्यक्रम में, रेखा ने गौशाला प्रबंधकों को पट्टा विस्तार प्रमाण पत्र सौंपे और गायों की सेवा, संरक्षण और कल्याण के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
गुप्ता ने दिल्ली सरकार की पशुपालन इकाई के तहत चल रही चार गौशालाओं –सुल्तानपुर डबास, रेवला खानपुर, हरेवली और सुरहेड़ा के प्रतिनिधियों को चारा भुगतान, बकाया रकम और लाइसेंस/पट्टा नवीनीकरण से जुड़े आदेश दिए।
ये गौशालाएं स्थानीय निकायों द्वारा लाए गए निराश्रित गौवंश की देखभाल, भोजन और इलाज की व्यवस्था करती हैं।
बयान में कहा गया है, “दिल्ली सरकार ने इस पहल के तहत कुल लगभग 20.26 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें 7.64 करोड़ रुपये जून 2024 से मार्च 2025 तक के बकाया भुगतान के लिए और 12.62 करोड़ रुपये अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक के चारे के खर्च के लिए दिए गए हैं।”
इसके मुताबिक, गौशालाओं में आधुनिक बायोगैस अवसंरचना स्थापित करने के लिए भी आर्थिक सहायता वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य गोबर से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता को भी सुदृढ़ करना है।
गुप्ता ने कहा कि प्रथम चरण में 10 आधुनिक गौशालाओं के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जहां निराश्रित गायों की सेवा, संरक्षण और संवर्धन को सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शीघ्र ही 40 गौशालाओं को सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस करना है ताकि सेवा, गोबर से ऊर्जा उत्पादन और स्वच्छता के इस अभियान को व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके।
गुप्ता ने कहा, “दिल्ली के नागरिकों के लिए यह सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है कि सड़कों पर कोई भी पशु उपेक्षित न रहे और उन्हें सम्मानजनक जीवन मिले।”
मुख्यमंत्री के मुताबिक, आने वाले समय में गौशाला प्रबंधनों के साथ मिलकर नई तकनीकों और बेहतर चारा प्रबंधन प्रणालियों पर काम किया जाएगा।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन