हैदराबाद, 28 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से आग्रह किया कि वे यहां चर्लापल्ली और सिकंदराबाद रेलवे स्टेशनों के पहुंच मार्गों के विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
सिकंदराबाद से लोकसभा सदस्य किशन रेड्डी ने आरोप लगाया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उनके पूर्ववर्ती के. चंद्रशेखर राव को पत्र लिखने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में किशन रेड्डी ने कहा कि मौजूदा सिकंदराबाद, हैदराबाद और काचीगुडा रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को देखते हुए चर्लापल्ली रेलवे टर्मिनल को 430 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में यात्री चर्लापल्ली रेलवे स्टेशन का उपयोग करते हैं, इसलिए उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए स्टेशन के पहुंच मार्गों का विस्तार आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ‘पार्किंग’ और अन्य यात्री सुविधाएं स्थापित करने के लिए चर्लापल्ली में भूमि अधिग्रहण करने की भी जरूरत है।
किशन रेड्डी ने यह भी कहा कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के सामने वाली सड़क का विस्तार किया जाना आवश्यक है ताकि सुचारू यातायात सुनिश्चित हो सके। इस रेलवे स्टेशन का 715 करोड़ रुपये की लागत से भव्य स्तर पर पुनर्विकास किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने रेवंत रेड्डी से चर्लापल्ली और सिकंदराबाद स्टेशन की ओर जाने वाली सड़कों और अन्य लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए पहल करने का अनुरोध भी किया।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा