मुख्यमंत्री सिद्धरमैया अपराह्न ढाई बजे लोक भवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे : अधिकारी

Ads

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया अपराह्न ढाई बजे लोक भवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे : अधिकारी

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 01:23 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 01:23 PM IST

बेंगलुरु, 28 मई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया बृहस्पतिवार अपराह्न ढाई बजे इस्तीफा सौंपने के लिए लोक भवन जाएंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इससे कुछ देर पहले, सिद्धरमैया ने अपने आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में मंत्रिमंडल के सहयोगियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया था।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि सिद्धरमैया बाद में अपराह्न तीन बजे एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री एच के पाटिल ने कहा कि सिद्धरमैया ने मंत्रिमंडल सहयोगियों को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले के बारे में बता दिया है और कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों के अनुसार डी.के. शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे।

सिद्धरमैया की ओर से अपने आधिकारिक आवास पर कैबिनेट सहयोगियों के लिए जलपान के दौरान आयोजित की गई बैठक के बाद पाटिल ने यह बात कही।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान द्वारा राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय मांगा।

हालांकि, लोक भवन सूत्रों ने कहा कि सिद्धरमैया ने अब तक राज्यपाल से मिलने के लिए समय नहीं मांगा है। सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं।

इस सवाल पर कि क्या मुख्यमंत्री लोक भवन के सचिव को इस्तीफा सौंप सकते हैं, अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि अगर सिद्धरमैया चाहें तो ऐसा कर सकते हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या यह राज्यपाल को सीधे इस्तीफा सौंपने जितना ही वैध माना जाएगा, तो उन्होंने कहा, “हां। इसके बाद राज्यपाल के पहुंचने पर वह इसकी पुष्टि करेंगे। प्रक्रिया के तहत राज्यपाल फिर उनसे (सिद्धरमैया से) व्यक्तिगत रूप से आकर इस्तीफा सौंपने के लिए भी कह सकते हैं।”

भाषा खारी मनीषा

मनीषा