भुवनेश्वर, पांच अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मलकानगिरी जिले में दो गुटों के बीच झड़प हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम आदिवासी आबादी वाले पालकोंडा गांव में एक समूह द्वारा प्रार्थना आयोजित करने को लेकर हुई।
मलकानगिरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राज किशोर दास ने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा, ‘‘दोनों समूहों के बीच तब विवाद खड़ा हो गया जब एक बहुसंख्यक समूह ने दूसरे समूह से कहा कि वे गांव के बाहरी इलाके में किसी अन्य स्थान पर धार्मिक प्रार्थना करें, क्योंकि उन्हें गांव के अंदर कुछ पूजा करनी थी। हालांकि, दूसरे समूह ने इसका विरोध किया, जिसके कारण दोनों के बीच तीखी बहस हुई।’’
उन्होंने बताया कि गुस्से में आकर बहुसंख्यक समूह के कुछ लोगों ने दूसरे समूह के तीन घरों की अस्थाई छतों को हटा दिया। उन्होंने कहा, ‘‘जिला प्रशासन द्वारा छतों की मरम्मत की जा रही है।’’
दास ने बताया कि सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस बल गांव पहुंचा और वहां स्थिति सामान्य की।
उन्होंने बताया कि गांव में पुलिस बल की दो प्लाटून (60 जवान) तैनात की गई हैं।
एएसपी ने कहा, ‘‘हमने हिंसा में संलिप्तता के आरोप में पहचाने गए 10 व्यक्तियों सहित 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब तक इनमें से पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य को पकड़ने के लिए तलाशी जारी है।’’
उन्होंने बताया कि रविवार को गांव में शांति समिति की बैठक हुई जिसमें विभिन्न समूहों के प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया।
एएसपी ने बताया कि बैठक में दोनों समूह आपसी समझ के साथ शांति और सद्भाव से रहने पर सहमत हुए हैं।
भाषा यासिर नरेश
नरेश