कोलकाता, 29 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन कक्षाएं निलंबित रहीं क्योंकि परिसर में हुई हिंसा के बाद छात्रों ने शैक्षणिक बहिष्कार जारी रखा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘पीटीआई-भाषा’ ने सोमवार को आरएसएस से संबद्ध अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) के कुछ सदस्यों और छात्रों के एक समूह के बीच रविवार को हुई झड़प के बाद संस्थान में कक्षाएं बहाल होने की खबर गलती से प्रकाशित की थी।
एसआरएफटीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘कक्षाएं और शैक्षणिक गतिविधियां अभी शुरू नहीं हुई हैं। हालांकि, पहले से निर्धारित परियोजनाओं से संबंधित कुछ शूटिंग और निर्माण कार्य जारी हैं। हम छात्रों से बातचीत कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द सामान्य गतिविधियां शुरू हो सकें।’’
एसआरएफटीआई छात्र संघ के महासचिव नचिकेत ने कहा कि छात्रों का शैक्षणिक बहिष्कार जारी रहेगा क्योंकि अधिकारियों ने अभी तक उनकी मांगें स्वीकार नहीं की हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों की मांगें बुनियादी और सरल हैं-सुरक्षा और संरक्षा। बाहरी लोग परिसर में आकर छात्रों पर हमला कैसे कर सकते हैं? यह स्वीकार्य नहीं है।’’
इससे पहले, उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में देरी की आलोचना की थी और परिसर की सुरक्षा में कथित तौर पर सेंध लगाने वालों की जवाबदेही तय करने की मांग की थी।
एबीजीपी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए थे।
छात्रों ने आरोप लगाया था कि परिसर में एक राजनीतिक कार्यक्रम का विरोध करने के बाद एबीजीपी के सदस्यों ने उन पर हमला किया, जबकि संगठन ने दावा किया था कि उसके सदस्यों के साथ मारपीट की गई।
संस्थान के परिसर में हुई हिंसा के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें से एक पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज की है, जबकि अन्य दो प्राथमिकी एबीजीपी पदाधिकारी अंजन सिन्हा और एसआरएफटीआई के डीन सुकांत मजूमदार ने दर्ज कराई हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश