कॉजपा संसद मार्च: अहम स्थानों से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया

Ads

कॉजपा संसद मार्च: अहम स्थानों से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 04:04 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 04:04 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) संसद मार्च को लेकर एकत्र हुए कई प्रदर्शनकारियों को सोमवार को नयी दिल्ली जिले में कई स्थानों से हिरासत में लेकर उन्हें वहां से हटा दिया गया। साथ में प्रदर्शनकारियों को फिर से इकट्ठा होने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पटेल चौक, जनपथ, जंतर मंतर, संसद मार्ग और अन्य प्रमुख स्थानों से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है जहां प्रदर्शनकारियों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद इकट्ठा होने का प्रयास किया।

संसद के नजदीक भारतीय रिजर्व बैंक के पास कम से कम सात लोगों को हिरासत में लिया गया।

सूत्रों ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों को विरोध स्थल से दूर, राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न स्थानों पर ले जाया जा रहा है, ताकि उन्हें फिर से इकट्ठा होने और कानून व्यवस्था को बाधित करने से रोका जा सके।

इस संबंध में एक सूत्र ने कहा कि उन्हें चेतावनी देने के बाद रिहा कर दिया जाएगा। सूत्र ने कहा कि पुलिस, हिरासत में लिए गए लोगों के रिकॉर्ड का सत्यापन करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें से किसी का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है।

नयी दिल्ली जिले में कई स्तरों की बैरिकेडिंग करने के साथ-साथ दिल्ली पुलिस के कर्मियों और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई और प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई।

संयुक्त पुलिस आयुक्त सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जमीनी सुरक्षा स्थिति की निगरानी के लिए सड़कों पर रहे। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी की कि प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरे को तोड़ न सकें या संसद की ओर मार्च न कर सकें।

भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल