अहमदाबाद, 20 जुलाई (भाषा) शिक्षा क्षेत्र में कथित अनियमितताओं और परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के विरोध में नयी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ‘संसद चलो’ मार्च तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को गुजरात के कई शहरों में प्रदर्शन किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद में पुलिस ने कुछ लोगों को लॉ गार्डन में इकट्ठा होने पर हिरासत में ले लिया, क्योंकि उनके पास विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी।
सूरत, जूनागढ़ और भावनगर समेत अन्य शहरों में भी प्रदर्शन हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की। वे कॉजपा के समर्थन वाली टी-शर्ट पहने हुए थे तथा वांगचुक और उनके अनशन के समर्थन में बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में संविधान की प्रतियां भी थीं। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘जहां बलात्कार के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, वहीं हमारे जैसे छात्रों को जेल भेजा जा रहा है।’’
सूरत में प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर एकत्र हुए।
मध्य दिल्ली में बारिश और अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद सोमवार सुबह हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर एकत्र हुए। ये प्रदर्शनकारी कॉजपा द्वारा परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर जवाबदेही की मांग करते हुए उसके ‘संसद चलो’ मार्च के समर्थन में एकत्र हुए।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल