बढ़ते सड़क हादसों पर राज्यसभा में जताई गई चिंता, उठी नियमों के कड़ाई से पालन की मांग

Ads

बढ़ते सड़क हादसों पर राज्यसभा में जताई गई चिंता, उठी नियमों के कड़ाई से पालन की मांग

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 03:43 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 03:43 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) देश में बढ़ते सड़क हादसों पर राज्यसभा में सोमवार को चिंता जताते हुए भारतीय जनता पार्टी की एक सदस्य ने कहा कि हादसों में जान गंवाने वालों में से 60 फीसदी लोग 18 साल से 32 साल की उम्र के होते हैं जो देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दे सकते हैं।

शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए भाजपा की डॉ मेधा विश्राम कुलकर्णी ने कहा कि देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं विकराल होती जा रही हैं और 2024 में एक लाख 80 हजार से अधिक लोगों की जान ऐसे हादसों में गई है।

उन्होंने कहा कि आंकड़े चौंकाने वाले हैं और हादसों के 60 फीसदी लोग 18 साल से 32 साल की उम्र के हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह उम्र रचनात्मक कार्य करने की होती है और देश के विकास में इस उम्र के लोग उल्लेखनीय योगदान दे सकते हैं।’’

भाजपा सदस्य ने कहा कि हादसों के कारणों में नशे में, लापरवाही से, गलत दिशा में वाहन चलाना, नियमों का पालन न करना से लेकर रील बनाना आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राजमार्गों पर शराब की दुकानें भी एक वजह हैं।

कुलकर्णी ने कहा कि बच्चों को वाहन चलाने का शौक होता है लेकिन नतीजा हादसों के रूप में सामने आता है। उन्होंने मांग की कि नियमों का कड़ाई से पालन, आधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल, जागरुकता कार्यक्रम आदि पर और अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए तभी सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सकती है।

भाजपा के ही गोविंदभाई लालजीभाई धोलकिया ने दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि टाटा ईमानदारी, परिश्रम, कारोबारी कौशल और परोपकार की एक अनूठी मिसाल थे।

धोलकिया ने कहा कि टाटा को ‘भारत रत्न’ सम्मान देना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा के डॉ अजीत माधवराव गोपछड़े ने जाली नोट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसे नोट मिलने पर अगर कोई व्यक्ति शिकायत करता है तो सबसे पहले उससे ही कड़ी पूछताछ की जाती है।

इसी पार्टी की रेखा शर्मा ने राजस्थान के अजमेर से हरियाणा के भिवाड़ी के बीच चलने वाली एक ट्रेन का मुद्दा उठाया और कहा कि यह ट्रेन विशेष श्रेणी के तहत चलती है जिसकी वजह से यात्री इसे लेकर अनिश्चितता की स्थिति में रहते हैं।

उन्होंने इस ट्रेन को दैनिक आधार पर ‘इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस’ के तौर पर चलाने की मांग की।

भाजपा के ही अशोकराव शंकरराव चव्हाण ने मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ और लातूर के बीच सीधी ट्रेन न होने का जिक्र करते हुए कहा कि यह मांग बेहद पुरानी है। उन्होंने कहा कि शुरुआती अध्ययन के अनुसार, दोनों शहरों के बीच की दूसरी 104 किलोमीटर होगी और यह दूरी सवा घंटे में तय की जा सकती है।

इसी पार्टी के डॉ सुमेर सिंह सोलंकी, संगीता यादव, माया नारोलिया तथा मनोनीत डॉ मीनाक्षी जैन ने भी आसन की अनुमति से लोक महत्व से जुड़े अपने-अपने मुद्दे उठाए।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव