नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) राज्यसभा में भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप जीतने पर सोमवार को बधाई दी गई।
बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन, सोमवार को उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने कहा कि यह अत्यंत खुशी की बात है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराकर प्रतिष्ठित आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप जीत लिया।
उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप खिताब अपने नाम किया और लगातार दो बार खिताब जीतने वाली टीम बनकर इतिहास रचा। यह उपलब्धि और भी खास है क्योंकि भारत पहली बार मेज़बान देश के रूप में आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप जीतने में सफल हुआ।
सभापति ने कहा कि टीम के शानदार प्रदर्शन ने पूरे देश में करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को गर्व और खुशी से भर दिया।
उन्होंने खिलाड़ियों और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों को इस असाधारण उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य में उनकी निरंतर सफलता की कामना की।
सदन में मौजूद सदस्यों ने मेजें थपथपा कर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव