राम मंदिर चंदा गबन मामले में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी इस्तीफा दें : कांग्रेस

Ads

राम मंदिर चंदा गबन मामले में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी इस्तीफा दें : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 07:28 PM IST

बेंगलुरु, 29 जून (भाषा) कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर को मिले चंदे का कथित तौर पर गबन करने के मुद्दे पर सोमवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्ती, बैनर और पोस्टर ले रखे थे। उन्होंने मोदी व आदित्यनाथ के चेहरे वाले मुखौटे पहन रखे थे। रेस कोर्स रोड स्थित कांग्रेस भवन के नजदीक आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ नारेबाजी की।

विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के राज्य महासचिव सी.एस. मनोहर ने मांग की कि मोदी और योगी को पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

कांग्रेस ने बाद में जारी एक बयान में कहा, ‘‘हम अयोध्या श्री राम मंदिर के लिए मिले दान के कथित दुरुपयोग की पूरी जांच की मांग करते हैं और राजनीतिक व नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग करते हैं।’’

पार्टी ने कहा कि मंदिर को दान में मिली नकदी, सोने और चांदी के कथित गबन ने देश भर के लाखों भक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। इस घटना ने भगवान श्री राम के नाम पर भक्तों द्वारा दिए गए दान की पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

कर्नाटक में सत्तारूढ़ और केंद्र में मुख्यमंत्री विपक्षी कांग्रेस ने कहा कि वह जानना चाहती है कि उन प्रशासनिक खामियों के लिए कौन ज़िम्मेदार है, जिनकी वजह से कथित तौर पर भगवान श्री राम के भक्तों द्वारा दिए गए दान का गबन हुआ। पार्टी ने पूछा कि अगर मंदिर के दान कोष की सुरक्षा में कोई चूक हुई है तो सरकार और संबंधित अधिकारियों ने उसे ठीक करने के लिए क्या कदम उठाए हैं।

कांग्रेस ने कहा, ‘‘हम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से आह्वान करते हैं कि वे इस मामले पर जनता को स्पष्ट जानकारी दें। साथ ही, हम उनसे राजनीतिक और नैतिक ज़िम्मेदारी स्वीकार करने और उचित कार्रवाई करने का भी आह्वान करते हैं।’’

पार्टी ने उच्चतम न्यायालय की निगरानी में पूरे प्रकरण की पारदर्शी तरीके से जांच की भी मांग की।

भाषा धीरज नरेश

नरेश