हैदराबाद, नौ मार्च (भाषा) कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी सोमवार को तेलंगाना से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये।
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद चुनाव अधिकारी ने दोनों नेताओं के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की।
प्रदेश के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगी नरेंद्र रेड्डी ने राज्यसभा चुनाव में उन्हें उम्मीदवार नामित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य का आभार व्यक्त किया।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने अपनी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए एआईएमआईएम और भाकपा को भी धन्यवाद दिया।
सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी ने पांच मार्च को तेलंगाना विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल किया था।
हालांकि, एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी नामांकन दाखिल किया था, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उसे खारिज कर दिया गया। उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित करने के लिए दस विधायकों की आवश्यकता होती है।
उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी को डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद तेलंगाना से राज्यसभा के लिये दोबारा चुना गया है।
नरेंद्र रेड्डी दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से रेवंत रेड्डी के सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं।
नरेंद्र रेड्डी, रेवंत रेड्डी के सहयोगी रहे हैं। दोनों पहले तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) में साथ काम करते थे, इसके बाद दोनों कांग्रेस में शामिल हो गए।
भाषा रंजन दिलीप
दिलीप