बेंगलुरु, 18 अगस्त (भाषा) कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री मनकल वैद्य मंगलवार को निर्विरोध कर्नाटक विधानसभा का उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
वैद्य के नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने किया जिसका मंत्री लक्ष्मण सावदी ने समर्थन किया।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष जी. एस. पाटिल ने ध्वनि मत से वैद्य के ‘‘सर्वसम्मति’’ से निर्वाचित होने की घोषणा की।
उपाध्यक्ष का पद रुद्रप्पा लमाणी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुआ था। लमाणी कुछ दिन पहले शिवकुमार के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद के विस्तार में मंत्री बनाए गए थे, जिसके बाद उन्होंने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
इससे पहले, कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस विधायक ए. एस. पोन्नन्ना को पार्टी का उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, बाद में उन्हें मुख्यमंत्री का राजनीतिक सचिव नियुक्त किया गया और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया।
पार्टी ने तीन अगस्त को हुए मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले शिवकुमार सरकार में शामिल किए जाने वाले नेताओं की सूची में भटकल के विधायक वैद्य का नाम भी था। हालांकि, बाद में उनकी जगह पूर्व मंत्री एस. एस. मल्लिकार्जुन को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। वैद्य को हटाए जाने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया।
वैद्य पिछली सिद्धरमैया सरकार में बंदरगाह और मत्स्य पालन मंत्री थे।
भाषा
राखी मनीषा अविनाश
अविनाश