श्रीनगर, 12 जुलाई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने रविवार को आरोप लगाया कि स्थानीय जन प्रतिनिधियों के संरक्षण में एक माफिया पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील पहलगाम में अवैध होटलों का निर्माण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि डूब क्षेत्र और वन भूमि पर किया जा रहा यह निर्माण इस संवेदनशील क्षेत्र के लिए बेहद हानिकारक है।
मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पहलगाम को पहले कभी इतने बुरे हाल में नहीं देखा। कृपया कश्मीर के प्राचीन और स्वच्छ पर्यावरण का सम्मान करें।’’
उनकी यह टिप्पणी शनिवार को पहलगाम में आई अचानक बाढ़ के बाद आई है, जिसमें कई होटल और घर डूब गए थे।
मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने हाल में शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एसकेआईसीसी) में एक सतत पर्यटन सम्मेलन आयोजित किया था, लेकिन इस पहल के बावजूद, विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ‘‘बिना सोचे समझे’’ होटल के निर्माण को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस माफिया को उखाड़ फेंकने की जरूरत है।’’
मुफ्ती ने सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस पर भी इस मुद्दे को लेकर ‘‘दोहरा रुख’’ अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा पर्यावरण की अनदेखी करने से क्षेत्र की नाजुक पारिस्थितिकी पर भविष्य में विनाशकारी प्रभाव पड़ेंगे।
शनिवार को बादल फटने के कारण आई अचानक बाढ़ से दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के अवूरा और देहवाथू के वन क्षेत्रों में भारी बारिश हुई थी। इसके बाद पानी का बहाव बढ़ने से कम से कम छह होटल डूब गए, जिसके कारण वहां ठहरे पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।
भाषा
खारी वैभव
वैभव