सुधाकरन के निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के बावजूद माकपा की स्थिति मजबूत: एच. सलाम

Ads

सुधाकरन के निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के बावजूद माकपा की स्थिति मजबूत: एच. सलाम

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 11:37 AM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 11:37 AM IST

अलाप्पुझा (केरल), 14 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक एच. सलाम ने शनिवार को कहा कि वरिष्ठ नेता जी. सुधाकरन के पार्टी छोड़ने और अंबलप्पुझा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के निर्णय से पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

एच. सलाम पत्रकारों से उस संबंध में बात कर रहे थे जिसमें उनसे चार बार के विधायक सुधाकरन के हाल में पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण न करने और अंबलप्पुझा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के फैसले के बारे में पूछा गया था।

सुधाकरन ने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया मंचों पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उन पर हमला किया गया था और इसी कारण उन्होंने यह निर्णय लिया।

सलाम अंबलप्पुझा के विधायक हैं और विधानसभा चुनाव में माकपा के उम्मीदवार के रूप में उनके फिर से चुनाव लड़ने की संभावना है।

सलाम ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी की ताकत उसकी सामूहिक संरचना में निहित है, न कि व्यक्तियों में।

उन्होंने कहा, “अगर पार्टी का संस्थापक भी पार्टी छोड़ दे तो इससे पार्टी कमजोर नहीं होती। कम्युनिस्ट पार्टी व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर नहीं, बल्कि सामूहिक निर्णयों के आधार पर काम करती है।’’

भाषा यासिर सुरभि

सुरभि