नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त महासचिव स्वप्ना वर्मा ने रविवार को कहा कि टिकाऊ स्वास्थ्य समाधानों को व्यापक स्तर पर लागू करने और समाज में अधिक सार्थक योगदान देने के उनके संकल्प को और पुख्ता करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है।
वर्मा ने चिकित्सा के पेशे से समाज सेवा के क्षेत्र में कदम रखा है।
पिछले साल दिल्ली में राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी) पर आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2025’ के लिए देशभर से चुने गए 10 लोगों में वर्मा भी शामिल थीं।
वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ संवाद ने सार्वजनिक जीवन और सामाजिक सेवा के उनके संकल्प को और मजबूत किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी के समक्ष मुझे सीधे अपना काम प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिन्होंने मेरे द्वारा विकसित किए जा रहे एक व्यापक, समुदाय-आधारित स्वास्थ्य सेवा मॉडल के प्रभाव को स्वीकार किया। इसका मेरी भविष्य की योजनाओं पर गहरा प्रभाव पड़ा है।’’
वर्मा का एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) ‘मधुरिमा सेवा संस्कार फाउंडेशन’ स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में काम करता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान एक व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं अधिक मायने रखता है।
पिछले महीने मध्य प्रदेश में महिला मोर्चा की महासचिव के रूप में अपनी नियुक्ति पर वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगातार जमीनी स्तर के नेतृत्व को बढ़ावा दिया है और पहली पीढ़ी के नेताओं को प्रोत्साहित किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी नियुक्ति को अचानक बदलाव के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि सामाजिक सेवा और पार्टी के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के प्रति मेरी लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता की निरंतरता के रूप में देखा जाना चाहिए।’’
भाषा
शुभम धीरज
धीरज