त्रिपुरा में अपराध शाखा ने एक जिला वन अधिकारी के आवास पर मारा छापा

Ads

त्रिपुरा में अपराध शाखा ने एक जिला वन अधिकारी के आवास पर मारा छापा

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 09:21 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 09:21 PM IST

अगरतला, 25 अप्रैल (भाषा) अगरतला रेलवे स्टेशन पर 23 अप्रैल को 59.95 लाख रुपये बरामद होने के संबंध में त्रिपुरा पुलिस की अपराध शाखा के एक दल ने शनिवार को दक्षिण त्रिपुरा के जिला वन अधिकारी (डीएफओ) गौरव रवींद्र वाघ के सरकारी आवास पर छापा मारा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने डीएफओ के आवास से कुछ दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज, एक लैपटॉप और एक ड्रोन कैमरा जब्त किया।

जीआरपी थाना प्रभारी (ओसी) राजू भौमिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “23 अप्रैल को अगरतला रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान, मुंबई में रहने वाले डीएफओ के रिश्तेदार राजेंद्र चिंतामन काकलिज के पास से 59.94 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे और उसे पूछताछ के लिए अगरतला जीआरपी थाने ले जाया गया था।’’

थानाधिकारी ने बताया कि राजेंद्र धन के स्रोत और नकदी के इच्छित उपयोग के बारे में स्पष्टीकरण देने में विफल रहा, इसलिए उसे भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया तथा बाद में अदालत ने उसे पांच दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

भौमिक के अनुसार, भारी मात्रा में नकदी ले जाने के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति ने दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया से अगरतला रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए डीएफओ के सरकारी वाहन का इस्तेमाल किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘अपराध की गंभीरता को देखते हुए, मामले को उचित जांच के लिए शनिवार को अपराध शाखा को सौंप दिया गया । जांच के तहत एक टीम ने बेलोनिया स्थित डीएफओ के सरकारी आवास पर छापा मारा और कुछ दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज, एक लैपटॉप और एक ड्रोन कैमरा जब्त किया।’’

इस बीच, डीएफओ को आर्यन भवन (वन विभाग का मुख्यालय) में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है ताकि भारी मात्रा में नकदी बरामदगी के मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो।

भाषा

राजकुमार प्रशांत

प्रशांत