प्रधानमंत्री की आलोचना करना राहुल गांधी के जीवन का एकमात्र उद्देश्य रहा गया है: दिनेश शर्मा

प्रधानमंत्री की आलोचना करना राहुल गांधी के जीवन का एकमात्र उद्देश्य रहा गया है: दिनेश शर्मा

प्रधानमंत्री की आलोचना करना राहुल गांधी के जीवन का एकमात्र उद्देश्य रहा गया है:  दिनेश शर्मा
Modified Date: November 22, 2023 / 06:57 pm IST
Published Date: November 22, 2023 6:57 pm IST

जयपुर, 22 नवंबर (भाषा) राज्यसभा सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जनता द्वारा खारिज किया गया नेता करार दिया और कहा कि प्रधानमंत्री की आलोचना करना उनके जीवन का एकमात्र उद्देश्य रह गया है।

शर्मा ने गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए कहा कि जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी और पांच राज्यों के चुनाव में इसका जवाब देगी।

राहुल गांधी ने मंगलवार को राजस्थान में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुये कहा कि ‘पीएम का मतलब पनौती मोदी’ है। क्रिकेट विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की हार का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने दुर्भाग्य से जुड़े इस शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि मोदी ‘टीवी पर आते हैं और ‘हिंदू-मुस्लिम’ कहते हैं और कभी-कभी क्रिकेट मैच में चले जाते हैं। वो अलग बात है कि हरवा दिया… पनौती।’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘पीएम मतलब पनौती मोदी।’

शर्मा ने कहा, ‘पांच राज्यों में हो रहे चुनावों में अपनी हार को देखते हुए कांग्रेस नेता अपना मानसिक संतुलन खो दिया हैं और अब अभद्र भाषा के प्रयोग पर उतर आए हैं।’

उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री के पिता के लिए अशोभनीय बातें कहीं और अब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बारे में अशोभनीय बातें कही हैं। उन्होंने कहा, ”ये लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं।”

शर्मा आज जयपुर में थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ऐसे बयान देकर अपनी छोटी सोच का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा, ”अपनी टिप्पणियों से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विश्व कप में बेहतरी प्रदर्शन करने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का मनोबल को गिराने का काम किया है।”

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज सभी खेलों में अपना परचम लहरा रहा है। शर्मा ने जयपुर के बगरू, मालवीय नगर और सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और लोगों से राज्य में विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनादेश देने की अपील की।

भाषा कुंज पृथ्वी अमित

अमित


लेखक के बारे में