देहरादून में साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला से तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की

Ads

देहरादून में साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला से तीन करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 02:03 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 02:03 PM IST

देहरादून, 22 फरवरी (भाषा) साइबर ठगों ने देहरादून की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उन्हें धन शोधन के मामले में फंसे होने का डर दिखाया और महिला से कथित तौर पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि लूट ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत पर साइबर पुलिस थाने में शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

अपनी शिकायत में महिला ने कहा कि ठगों ने उन्हें व्हाटसऐप कॉल किया था और खुद को सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) अधिकारी बताया था। ठगों ने उन्हें पिछले साल 60 दिनों तक अपने झांसे में रखा और इस दौरान उन्हें कुल 3.09 करोड़ रुपये की धनराशि अपने खातों में स्थानांतरित करने को मजबूर किया।

महिला ने यह भी बताया कि ठगों को धन देने के लिए उन्हें अपनी एफडी (सावधि जमा राशि) तुड़वानी पड़ीं, अपने शेयर बेचने पड़े तथा गहने भी गिरवी रखने पड़े।

शिकायत के अनुसार, महिला ने बताया कि एक सितंबर 2025 को उन्हें एक वीडियो कॉल आया था जिसमें एक व्यक्ति ने अपना परिचय सीबीआई अधिकारी के रूप में देते हुए उन्हें बताया कि उनका फोन नंबर 68 करोड़ रुपये के धन शोधन से जुड़े एक मामले में सामने आया है और इसके लिए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। महिला को धमकी दी गयी कि यदि उन्होंने इस बारे में किसी को बताया तो उनके बच्चों को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

बुजुर्ग महिला से कहा गया कि अगर वह गिरफ्तारी से बचना चाहती हैं तो अपना धन उनके (आरोपियों के) बताए खातों में स्थानांतरित कर दें और जांच पूरी होने पर ये धन उन्हें वापस कर दिया जाएगा।

दहशत में आयी महिला ने अपने अलग-अलग बैंक खातों से सिंतबर 2025 से लेकर अक्टूबर 2025 कुल 3.09 करोड़ रुपये आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में भेजे।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल तथा बैंक खातों की जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

भाषा दीप्ति देवेंद्र सुरभि

सुरभि