DA Hike Latest News. Image Source- IBC24 Coustomize
हैदराबादः DA Hike Latest News: जहां एक ओर देशभर के केंद्रीय कर्मचारी महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं, वहीं तेलंगाना सरकार ने राज्य के परिवहन कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए बाजी मार ली है। सरकार ने तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (TGSRTC) के कर्मचारियों के डीए में 2.1 फीसदी की वृद्धि की घोषणा की है। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता 50.7 प्रतिशत से बढ़कर 52.8 प्रतिशत हो गया है। परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस फैसले से निगम के 38 हजार से अधिक कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। इससे उनकी टेक-होम सैलरी में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
DA Hike Latest News: सरकार ने डीए बढ़ोतरी को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी किया है, जिससे कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों का एरियर भी मिलेगा। हालांकि, निगम पर एकमुश्त वित्तीय दबाव से बचने के लिए इस बकाया राशि का भुगतान अगले तीन महीनों में सप्लीमेंट्री बिलों के जरिए किस्तों में किया जाएगा। बताया गया है कि इस निर्णय से TGSRTC पर हर महीने करीब 2.82 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। ऐसे में कैश फ्लो संतुलित बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था अपनाई गई है।
गौरतलब है कि जुलाई 2025 में भी राज्य सरकार ने डीए में 2.1 फीसदी की वृद्धि की थी, जिससे भत्ता 48.6 प्रतिशत से बढ़कर 50.7 प्रतिशत हो गया था। अधिकारियों के मुताबिक मई 2024 में RPS-2017 लागू होने के बाद से अब निगम पर कोई भी डीए बकाया लंबित नहीं है।
इधर, लाखों केंद्रीय कर्मचारी अब भी डीए बढ़ोतरी के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारी संगठनों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर जल्द घोषणा की मांग की है। पिछले वर्षों के ट्रेंड के अनुसार आमतौर पर मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में डीए बढ़ोतरी की घोषणा हो जाती है। वर्ष 2025 में 28 मार्च को ऐलान हुआ था, जबकि 2024 में 3 अप्रैल को आदेश जारी किया गया था। ऐसे में इस बार भी जल्द ही केंद्रीय कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इन्हे भी पढ़ें:-