तिरुवनंतपुरम, 27 अप्रैल (भाषा) विभिन्न दलित संगठनों ने कन्नूर डेंटल कॉलेज के छात्र नितिन राज की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया।
यह बंद मंगलवार को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक रहेगा।
‘जस्टिस फॉर नितिन राज एक्शन काउंसिल’ समेत 52 दलित संगठनों ने इस हड़ताल का आह्वान किया है।
संगठनों ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी वाहन को जबरन नहीं रोका जाएगा और सभी आवश्यक सेवाएं बंद से मुक्त रहेंगी।
नितिन राज कन्नूर जिले के अंजाराक्कंडी स्थित एक निजी डेंटल कॉलेज में प्रथम वर्ष का बीडीएस छात्र था। 10 अप्रैल को वह एक इमारत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया था और बाद में उसकी मौत हो गयी थी।
पुलिस ने छात्र के परिजनों के आरोपों के आधार पर दो शिक्षकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि छात्र को जाति और रंग-रूप के आधार पर प्रताड़ित किया जा रहा था।
बंद का समर्थन कर रहे संगठनों में शामिल केरल पिन्नोका समुदाय मुन्नानी (केपीएसएम) ने एक बयान में आरोप लगाया कि पुलिस जांच में उदासीनता बरत रही है और आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
केपीएसएम के प्रदेश अध्यक्ष के वी पद्मनाभन और महासचिव एस अनवर ने आरोप लगाया कि नितिन राज की मौत की जांच को जानबूझकर गुमराह किया जा रहा है और उसमें देरी की जा रही है।
संगठन ने आरोप लगाया कि जहां छात्र के परिजन उसकी मौत के लिए जातिगत भेदभाव और शिक्षकों द्वारा मानसिक प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं पुलिस जांच को ‘लोन ऐप’ से लिए गए कर्ज की दिशा में मोड़ने की कोशिश कर रही है।
संगठन ने इसे असली आरोपियों को बचाने की साजिश करार दिया।
केपीएसएम ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी में जानबूझकर देरी कर पुलिस ने उन्हें अग्रिम जमानत लेने का मौका दिया।
संगठन ने कहा कि वर्तमान पुलिस जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है और मामले को जल्द से जल्द किसी स्वतंत्र एजेंसी को सौंपने की मांग की।
भाषा
राखी वैभव
वैभव