नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपनी आवास योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों (सेवारत और सेवानिवृत्त) और पेशेवरों के लिए रियायती दर पर ‘रेडी-टू-मूव’ फ्लैट की पेशकश की है और पहले ही दिन 50 प्रतिशत से अधिक इकाइयों की बिक्री हो चुकी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक मांग 1बीएचके (बेडरूम-हाल किचन) की रही और ऐसे फ्लैट कुछ ही घंटों में पूरी तरह बिक गए।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली विकास प्राधिकरण की ‘कर्मजीवी आवास योजना 2026’ के लिए शनिवार को शानदार प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की देखरेख में शुरू की गई यह योजना 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर शुरू की गई है।
डीडीए ने एक बयान में कहा, ‘‘बिक्री के लिए पेश किये गए 1,218 ‘रेडी-टू-मूव’ फ्लैट में से 661 फ्लैट पहले ही दिन बुक हो गए। सबसे अधिक मांग 1बीएचके की थी, जो कुछ ही घंटों में पूरी तरह बिक गए। 2बीएचके और 3 बीएचके श्रेणी में भी लोगों ने काफी दिलचस्पी दिखाई।’’
योजना के तहत, डीडीए नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर ए1-ए4 में फ्लैट पर सीधे 25 प्रतिशत की छूट दे रहा है। छूट के बाद कीमतें 1बीएचके के लिए 33.40 लाख रुपये, 2बीएचके के लिए 75.55 लाख रुपये और 3-बीएचके के लिए 1.065 करोड़ रुपये से शुरू होती हैं।
डीडीए ने कहा, ‘‘इस योजना का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों (सेवारत और सेवानिवृत्त) और कॉर्पोरेट, बिज़नेस, उद्यमी और पेशेवेर क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के लिए दिल्ली में घर खरीदना किफायती बनाना है।’’
भाषा धीरज अमित
अमित