पहली तिमाही में मजबूत आवास बिक्री के चलते डीडीए का राजस्व 120 प्रतिशत बढ़ा

Ads

पहली तिमाही में मजबूत आवास बिक्री के चलते डीडीए का राजस्व 120 प्रतिशत बढ़ा

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 05:00 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में आवास बिक्री से 1,020 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि डीडीए के राजस्व में पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले वित्त वर्ष में आवास बिक्री से 462 करोड़ रुपये की आय हुई थी।

डीडीए ने कहा, ‘सभी श्रेणियों के आवासों की मजबूत मांग के चलते प्राधिकरण ने तिमाही के दौरान 1,284 फ्लैट बेचे और 1,020 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया। यह उसकी आवास योजनाओं में लोगों के बढ़ते भरोसे को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।’

राजस्व में यह बढ़ोतरी डीडीए द्वारा विकसित उप-शहरों को नए स्वरूप में विकसित करने पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के लगातार ध्यान दिए जाने का परिणाम है, जिसके चलते प्राधिकरण ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत आवास बिक्री दर्ज की है।

डीडीए ने एक बयान में कहा, ‘नरेला इस सफलता में सबसे बड़े योगदानकर्ता के रूप में उभरा है। तिमाही के दौरान यहां 1,153 फ्लैट बेचे गए, जो कुल बिक्री का करीब 90 प्रतिशत है। यह दर्शाता है कि नरेला अब लोगों के पसंदीदा आवासीय स्थान के रूप में उभर रहा है।’

फिलहाल डीडीए की कई आवास योजनाएं चल रही हैं, जिनमें डीडीए कर्मयोगी आवास योजना, डीडीए नागरिक आवास योजना और पूर्वी दिल्ली में डीडीए टावरिंग हाइट्स शामिल हैं। इन योजनाओं के तहत अलग-अलग आय वर्ग के लोगों के लिए आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ‘इन योजनाओं को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर 31 जुलाई, 2026 तक बढ़ा दिया गया है। चूंकि ये सभी योजनाएं पूरी तरह ऑनलाइन हैं, इसलिए खरीदार घर बैठे ही फ्लैट खरीद सकते हैं।’

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश