दिल्ली सरकार ने ‘वोकेशनल’ व समग्र शिक्षा अभियान शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी की

Ads

दिल्ली सरकार ने ‘वोकेशनल’ व समग्र शिक्षा अभियान शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी की

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 09:49 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) दिल्ली सरकार ने ‘वोकेशनल’ शिक्षकों व समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित विशेष प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत अध्यापकों के वेतन में वृद्धि की मंगलवार को घोषणा की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में यह जानकारी दी।

सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में हुए फैसले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया, “दिल्ली में करीब 1,131 वोकेशनल शिक्षक कई विधाओं की प्रशिक्षण देते हैं। इनका वेतन बढ़ाकर 38,100 रुपये किया जा रहा है। पहले इन्हें 20,000 से लेकर 23,000 रुपये ही मिलते थे। वहीं, समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्तमान में संचालित कुल 784 केंद्रों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के वेतन में भी वृद्धि की गई है। इन केंद्रों में तैनात सभी शिक्षकों का वेतन 21,000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 35,420 रुपये प्रति माह कर दिया गया है।“

बयान के मुताबिक, स्कूल नहीं जाने वाले (आउट ऑफ स्कूल) बच्चों को इन केंद्रों में शिक्षा से जोड़ा जाता है और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समग्र शिक्षा अभियान के शिक्षकों को प्राथमिक और अपर प्राथमिक शिक्षकों के बराबर वेतन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल वेतन वृद्धि नहीं है, बल्कि उन शिक्षकों के समर्पण और मेहनत का सम्मान है, जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

गुप्ता ने कहा कि जब शिक्षक संतुष्ट और प्रेरित होंगे, तभी वे बच्चों को बेहतर गुणवत्ता की शिक्षा दे पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष प्रशिक्षण केंद्र उन बच्चों के लिए उम्मीद की किरण हैं, जो कभी स्कूल नहीं गए या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। इन बच्चों को मुख्यधारा में लाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।

भाषा नोमान

नोमान अविनाश

अविनाश