दिल्ली सरकार अगले 25 साल के लिए अग्निशमन मास्टर प्लान बनाएगी : रेखा गुप्ता

Ads

दिल्ली सरकार अगले 25 साल के लिए अग्निशमन मास्टर प्लान बनाएगी : रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 09:23 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 09:23 PM IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि सरकार राष्ट्रीय राजधानी में आग संबंधी त्रासदियों में जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए अगले 25 वर्षों के लिए एक व्यापक अग्निशमन मास्टर प्लान बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की और संबंधित विभागों को इस संबंध में सभी प्रासंगिक तथ्य और विवरण 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।

विवेक विहार और पालम में हाल ही में हुई आग की घटनाओं ने अग्निशमन से संबंधित मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया है।

गुप्ता ने कहा, ‘‘विभागों को पिछली आग की घटनाओं का अध्ययन करने और एक प्रभावी प्रतिक्रिया ढांचा तैयार करने का निर्देश दिया गया है ताकि आपात स्थितियों को जल्दी से संभाला जा सके और जानमाल के नुकसान को कम किया जा सके।’’

उन्होंने कहा कि सरकार सभी विभागों की परिचालन क्षमता को मजबूत करना चाहती है ताकि राष्ट्रीय राजधानी में आग लगने की घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सके और जब भी वे घटित हों, उन पर तेजी से काबू पाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जन सुरक्षा से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों के आधार पर एक मजबूत और प्रभावी अग्निशमन मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि सरकार ने अग्निशमन सेवा को कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, नए अग्निशमन केंद्र खोलने और आधुनिक उपकरण खरीदने का निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार अग्निशमन विभाग को पर्याप्त बजटीय सहायता प्रदान करेगी। बिजली विभाग के अधिकारियों को बिजली कनेक्शन देते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और विद्युत अवसंरचना की स्थिति की जांच के लिए संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार अग्नि सुरक्षा और रोकथाम को बढ़ावा देने के लिए एक जागरूकता अभियान भी शुरू करेगी।

दिल्ली के गृह और बिजली मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय राजधानी को आग की घटनाओं से बचाने के अगले 25 साल की जरूरतों के अनुरूप अग्निशमन विभाग को मजबूत करेगी।

भाषा धीरज माधव

माधव