कांग्रेस नौ मई को असम चुनाव में अपने प्रदर्शन की समीक्षा करेगी

Ads

कांग्रेस नौ मई को असम चुनाव में अपने प्रदर्शन की समीक्षा करेगी

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 09:22 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 09:22 PM IST

गुवाहाटी, छह मई (भाषा) असम में विपक्षी दल कांग्रेस ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अपने खराब प्रदर्शन की समीक्षा के लिए नौ मई को जिला इकाइयों की बैठक बुलाई है। पार्टी के एक परिपत्र में यह जानकारी दी गई है।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ ने परिपत्र जारी कर सभी संबंधित नेताओं को गुवाहाटी में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘असम पीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देशानुसार सभी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों/प्रभारी अध्यक्षों और वरिष्ठ उपाध्यक्षों को सूचित किया जाता है कि असम विधानसभा चुनाव-2026 के परिणामों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक समीक्षा बैठक बुलाई गई है।’’

बरुआ ने कहा कि बैठक में पार्टी के संगठनात्मक और चुनावी प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।

कांग्रेस ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 99 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन केवल 19 सीटें ही जीत पाई। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 102 सीटें मिलीं।

गोगोई ने मंगलवार को कहा था कि चुनाव परिणामों पर चर्चा करने और प्रतिक्रिया जानने के लिए सभी कांग्रेस उम्मीदवारों को बुलाया गया है।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश