भारत ने दिखाया कि बिल्ली प्रजाति के बड़े जानवरों का संरक्षण और विकास साथ साथ हो सकता हैं: यादव

Ads

भारत ने दिखाया कि बिल्ली प्रजाति के बड़े जानवरों का संरक्षण और विकास साथ साथ हो सकता हैं: यादव

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 09:23 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 09:23 PM IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को कहा कि बिल्ली प्रजाति के बड़े जानवरों के संरक्षण में भारत की यात्रा प्रतिबद्धता, नवाचार, वैज्ञानिक प्रबंधन, संस्थागत सहयोग और सामुदायिक भागीदारी से चिह्नित रही है।

मंत्री ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ की सफलता से लेकर शेरों, तेंदुओं, हिम तेंदुओं और चीतों के संरक्षण की पहलों तक, भारत ने यह प्रदर्शित किया है कि संरक्षण एवं विकास साथ-साथ चल सकते हैं।

यादव ने जून में यहां आयोजित होने वाले ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट 2026’ का ‘लोगो’ और वेबसाइट जारी होने के अवसर पर कहा, ‘‘इन प्रयासों ने न केवल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत किया गया है बल्कि आजीविका और लचीलेपन में भी सुधार किया है और जलवायु चुनौतियां भी कम हुई हैं।’’

पर्यावरण मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आगामी शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष और शासन प्रमुख, विशेषज्ञ और साझेदार एक साथ आएंगे तथा बिल्ली प्रजाति के बड़े जानवरों के संरक्षण के भविष्य पर विचार-विमर्श करेंगे।

यादव ने कहा, ‘‘शिखर सम्मेलन का एक प्रमुख परिणाम बिल्ली प्रजाति के बड़े जानवरों के संरक्षण पर दिल्ली घोषणा को अपनाना होगा, जो एक एकीकृत वैश्विक प्रतिबद्धता है जो साझा प्राथमिकताओं को स्पष्ट करेगी, सीमा पार सहयोग को मजबूत करेगी और बिल्ली प्रजाति के बड़े जानवरों तथा उनके आवासों के संरक्षण के लिए परिदृश्य-आधारित दृष्टिकोण को बढ़ावा देगी।’’

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव

नेत्रपाल