दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में स्थित एक होटल की 15वीं मंजिल से कथित तौर पर कूद कर 26 वर्षीय वकील ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को रॉयल प्लाजा होटल में हुई इस घटना की सूचना रविवार रात करीब सवा नौ बजे दी गई।
मृतक की पहचान दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता राजेश सिंह के रूप में हुई है जो उसी दिन शाम में होटल में ठहरने आया था।
पुलिस के एक बयान के मुताबिक, पुलिस दल ने होटल पहुंच कर पाया कि महावीर एनक्लेव निवासी सिंह ने इमारत की 15वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी थी।
इसमें कहा गया है कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है तथा परिजनों के बयान के अनुसार इस मामले में किसी साजिश की शक नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मृतक कमरे में अकेला ठहरा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद उसे तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच के लिए अपराध विभाग और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के दल बुलाए गए। साक्ष्य इकट्ठा किए गए तथा होटल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।
भाषा नोमान
नोमान