दिल्ली के रणहोला में मामूली बात को लेकर विवाद में एक व्यक्ति की पीटकर हत्या

Ads

दिल्ली के रणहोला में मामूली बात को लेकर विवाद में एक व्यक्ति की पीटकर हत्या

  •  
  • Publish Date - February 2, 2023 / 10:28 PM IST,
    Updated On - February 2, 2023 / 10:28 PM IST

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के रणहोला इलाके में झगड़े के बाद कथित तौर पर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान दीपक के रूप में की गई है और मंगलवार की सुबह उसका शव घर के पास से बरामद हुआ।

उन्होंने बताया कि बुधवार को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि दीपक की मां की 15 दिन पहले बीमार होने के बाद मौत हो गई थी और उसके दो भाई सौरव (27) और चिंटू (25) हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वह सोमवार को डाबरी में एक शादी समारोह में गया था, लेकिन रात को घर नहीं लौटा। मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे दीपक के दोस्त की मां ने परिवार के सदस्यों को सूचित किया कि वह बेहोश पड़ा है, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अमन (23), आदित्य (18) और संदीप (27) के रूप में हुई।

पुलिस ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा कि मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ और शराब के नशे में होने के कारण यह बढ़ गया। पुलिस ने कहा कि मामले में जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश