नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में माता गुजरी अस्पताल में 13 बिस्तरों वाली नवजात गहन देखभाल इकाई (एनआईसीयू) और कई नई चिकित्सा सुविधाओं का शुक्रवार को उद्घाटन किया।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एनआईसीयू गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं को अस्पताल में ही गहन देखभाल और निगरानी प्रदान करेगा, जबकि नए स्थापित उपकरणों में एक कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड मशीन, आर्थोपेडिक सर्जरी के लिए सी-आर्म मशीन, ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (ओसीटी) और आंखों से संबंधित प्रक्रियाओं के लिए एक फेको मशीन शामिल है।
वाही ने बयान में कहा, निकट भविष्य में अस्पताल में एक सीटी स्कैन मशीन भी स्थापित की जाएगी।
एमसीडी के अनुसार, अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग में प्रतिदिन 1,600 से अधिक मरीज़ आते हैं।
भाषा नोमान
नोमान दिलीप
दिलीप