संभावित आतंकी हमले के खतरे के मद्देनजर दिल्ली ‘हाई अलर्ट’ पर, प्रमुख स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई

Ads

संभावित आतंकी हमले के खतरे के मद्देनजर दिल्ली ‘हाई अलर्ट’ पर, प्रमुख स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 09:34 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में संभावित आतंकवादी हमले को लेकर प्राप्त हुई खुफिया जानकारी के आधार पर ‘हाई अलर्ट’ जारी किया गया है और दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक सूत्र ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय और आसपास के सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, साथ ही सशस्त्र कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है, अवरोधक लगाए गए हैं और वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को मध्य दिल्ली में आत्मघाती हमलों, वाहन आधारित संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) से धमाका करने, गोलीबारी और समन्वित हमलों के जरिए प्रमुख कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की संभावित कोशिशों के संबंध में चेतावनी मिली हैं।

उन्होंने बताया कि शहर में महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों, बाजारों, परिवहन केंद्रों और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर विध्वंस रोधी जांच की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और दिल्ली अग्निशमन सेवा सहित त्वरित प्रतिक्रिया टीम को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

एक सूत्र ने बताया, ‘‘पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और खड़ी गाड़ियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। स्थानीय पुलिस औचक जांच और सत्यापन अभियान चला रही है।

सूत्र ने बताया कि सभी जिला इकाइयों को सतर्क रहने और खुफिया एजेंसियों तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप