दिल्ली : पीरागढ़ी झुग्गी की युवती को ऑस्ट्रेलिया में उच्च अध्ययन के लिए छात्रवृत्ति

Ads

दिल्ली : पीरागढ़ी झुग्गी की युवती को ऑस्ट्रेलिया में उच्च अध्ययन के लिए छात्रवृत्ति

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 05:15 PM IST

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी स्थित झुग्गी बस्ती की एक युवती ने ऑस्ट्रेलिया में स्नातकोत्तर अध्ययन के लिए छात्रवृत्ति हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा मंत्री ने कैनबरा में आयोजित एक राष्ट्रीय उच्च शिक्षा शिखर सम्मेलन में उसकी शैक्षिक यात्रा की सराहना की।

दिल्ली स्थित गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘आशा’ के सहयोग से पली-बढ़ी नैन्सी को मेलबर्न विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय संबंधों में परास्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है। एनजीओ ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में यह जानकारी दी।

बयान के अनुसार, नैन्सी को ‘मेलबर्न वेलकमिंग यूनिवर्सिटीज स्कॉलरशिप’ प्रदान की गई है और वह अगले सप्ताह से अपना पाठ्यक्रम शुरू करेंगी। उन्हें कैनबरा में आयोजित ‘यूनिवर्सिटीज ऑस्ट्रेलिया सॉल्यूशंस समिट 2026’ में भी आमंत्रित किया गया था।

इस सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा मंत्री जेसन क्लेयर ने नैन्सी की उपस्थिति का उल्लेख किया और उनकी शैक्षणिक यात्रा को उच्च शिक्षा तक बढ़ती पहुंच का उदाहरण बताया।

एनजीओ के बयान के मुताबिक, मंत्री ने संगठन की संस्थापक डॉ. किरण मार्टिन की भी सराहना की।

मंत्री के हवाले से बयान में कहा गया, “नैन्सी एक युवा महिला है, जिसे डॉ. किरण की वजह से शिक्षा मिली। उसने स्कूल की पढ़ाई पूरी की, विश्वविद्यालय गई, राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री ऑनर्स के साथ हासिल की। प्रतिभा हर जगह है, अवसर नहीं।”

यह एनजीओ दिल्ली की झुग्गी बस्तियों में शिक्षा, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराता है।

डॉ. किरण मार्टिन ने कहा कि मेलबर्न विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी ने इन समुदायों के विद्यार्थियों के लिए पूर्ण सहयोग के साथ मास्टर डिग्री का मार्ग प्रशस्त किया है।

भाषा मनीषा माधव

माधव